February 7, 2026

‘माओवाद के खिलाफ सरकार की निर्णायक लड़ाई’, राष्ट्रपति ने कहा- खत्म हो रहा भय और डर का माहौल

PRESIDENT MURMU

जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को बस्तर पंडुम का शुभारंभ करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा कि माओवादियों के खिलाफ सरकार की निर्णायक कार्रवाई ने बस्तर क्षेत्र में भय व अविश्वास के माहौल का अंत कर दिया है। बस्तर में विकास का एक नया सवेरा हो रहा है। राष्ट्रपति ने हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल हुए लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे संविधान और लोकतंत्र पर भरोसा रखें, शांति के मार्ग से विचलित करने की कोशिश करने वालों के बहकावे में नहीं आएं।

बस्तर में अब शांति लौट रही है
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘‘बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं ने हमेशा लोगों को आकर्षित किया है लेकिन दुर्भाग्य से यह क्षेत्र वर्षों तक माओवाद के खतरे से पीड़ित रहा।’’ उन्होंने कहा कि नक्सलवाद ने युवाओं, आदिवासियों और दलितों को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि माओवादी गतिविधियों से जुड़े लोग अब हिंसा छोड़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में शांति लौट रही है।

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई
राष्ट्रपति ने कहा, भारत सरकार द्वारा माओवादियों के खिलाफ की गई निर्णायक कार्रवाई के परिणामस्वरूप भय और अविश्वास का माहौल खत्म हो गया। मुर्मू ने कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि मुख्यधारा में लौटने वाले लोग सामान्य और गरिमापूर्ण जीवन जी सकें।

उन्होंने कहा कि कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और छत्तीसगढ़ सरकार की नियाद नेल्लानार पहल ग्रामीणों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। गांवों में बिजली, सड़कें और पीने का पानी उपलब्ध हो रहा है जबकि वर्षों से बंद पड़े स्कूल फिर से खुल रहे हैं। सरकार के प्रयासों और जनता के सहयोग से बस्तर में विकास का एक नया सवेरा उदय हो रहा है।

गुमराह करने वालों के बहकावे में नहीं आएं
उन्होंने लोगों से व्यवस्था पर भरोसा रखने और कड़ी मेहनत एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया तथा लोकतंत्र को शक्ति का स्रोत बताया। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल हुए लोगों से मैं अपील करती हूं कि वे संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखें तथा गुमराह करने वालों के बहकावे में नहीं आएं।’’

एक छोटे से गांव की बेटी आज राष्ट्रपति है
उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना जैसी केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से पिछड़े गांवों को विकास से जोड़ा जा रहा है। राष्ट्रपति ने व्यक्तिगत और सामुदायिक विकास की नींव के रूप में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आदिवासी बच्चों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आदिवासी क्षेत्रों में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय शुरू किए गए हैं। संविधान के सर्वोच्च पद तक पहुंचने की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है कि ओडिशा के एक छोटे से गांव की बेटी आज राष्ट्रपति के रूप में आपको संबोधित कर रही है।

कहा- सरकार आपके प्रति समर्पित
उन्होंने कहा, ‘‘आपमें और भी अधिक साहस एवं शक्ति है। सरकार आपके प्रति समर्पित है।’’ राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार समाज के गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस बात पर जोर दिया कि इन वंचित तबकों का उत्थान सर्वोच्च प्राथमिकता बना हुआ है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ को पिछड़ा हुआ माना जाता था लेकिन ऐसा नहीं है। इसकी भव्यता देखिए। छत्तीसगढ़ वैभव और समृद्ध संस्कृति से परिपूर्ण राज्य है। यह छत्तीसगढ़ के आदिवासी लोगों के कारण है। उनकी संस्कृति अमूल्य है।”

बस्तर में पर्यटन की संभावनाएं
मुर्मू ने कहा, “यह प्राचीन है, फिर भी बेहद खूबसूरत है। जिन लोगों ने इस समावेशिता और समानता को नहीं देखा है, उन्हें पंडुम उत्सव देखना चाहिए और इससे सीखना चाहिए।” उन्होंने बस्तर क्षेत्र की अपार पर्यटन क्षमता पर प्रकाश डाला और इसका श्रेय उत्साही लोगों, प्राचीन संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता, झरनों व गुफाओं को दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि बेहतर सुविधाएं अधिक पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। उन्होंने विश्व स्तर पर ‘होमस्टे’ की लोकप्रियता को देखते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने इस दिशा में उचित कदम उठाए हैं।

मुख्य खबरे

error: Content is protected !!