September 25, 2026

नक्सलियो के लगाए प्रेशर आईईडी की चपेट में आई महिला, गंभीर रूप से घायल

ied

०० जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने किया था आईईडी प्लांट

बीजापुर| जिले में प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। महिला के बाएं पैर के एड़ी के चिथड़े उड़ गए हैं। घायल का नेलसनार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। हालांकि, स्थित खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सर्चिंग पर निकलने वाले जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने आईईडी प्लांट किया था।

जानकारी के मुताबिक मिरतुर थाना क्षेत्र के केतुलनार इलाके की रहने वाली महिला सोमली हेमला मवेशियों को लेने के लिए जंगल की तरफ गई थी। सुबह के समय ही पगडंडी रास्तों से होते हुए घर लौट रही थी। गांव के नजदीक केतुलनार चौक के पास पैर प्रेशर आईईडी पर आ गया। जिससे जोर का धमाका हुआ। ब्लास्ट की चपेट में आने से महिला की एड़ी के चिथड़े उड़ गए हैं। धमाके की आवाज सुनकर वहीं आस-पास में मौजूद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

मामले की जानकारी मिरतुर थाना के जवानों को दी गई। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जवान इलाके की सर्चिंग के लिए भी निकले हैं। बीजापुर के एसपी अंजनेय वार्ष्णेय ने की घटना की पुष्टि की है। दरअसल, मिरतुर थाना क्षेत्र के आस-पास वाले गांव में पुलिस की पैठ लगातार बढ़ती जा रही है। विकास काम भी हो रहे हैं। इसलिए माओवादी बौखलाए हुए हैं।

मुख्य खबरे

error: Content is protected !!