CG : बड़ा सड़क हादसा, 6 की मौत, मदद के लिए दौड़े लोग, अस्पताल में अपनों को तलाश रहे परिजन
मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही यात्री बस हंसवाही पहाड़ के पास सेमरमथानी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में बस मालिक और चालक भी शामिल बताए जा रहे हैं. हादसे में करीब 20 यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
तेज रफ्तार बस पेड़ से टकराई, 6 की मौत
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार यात्री बस मनेन्द्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी. बस में करीब 30 यात्री सवार थे. इसी दौरान हंसवाही पहाड़ के पास सेमरमथानी मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक विशालकाय पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा. दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. सीएम साय ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.
ब्रेक फेल होने की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस का ब्रेक फेल होना हादसे की संभावित वजह बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि ढलान और मोड़ के पास बस पर से चालक का नियंत्रण हट गया जिसके बाद बस सीधे पेड़ से टकरा गई. बस के ब्रेक फेल होने की बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
घायलों का हम उचित इलाज कर रहे हैं. टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है. जिनको भी टेस्ट की जरूरत है उनका टेस्ट कराया जा रहा है. हमारी डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का उपचार और ध्यान रख रही है: स्वप्निल तिवारी, सिविल अस्पताल अधीक्षक, एमसीबी
मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ का मुआवजा मिलना चाहिए. घायलों को जहां भी इलाज की सुविधा हो वहां पर भेजा जाना चाहिए: गुलाब कमरो, पूर्व विधायक
6 मौतों की पुष्टि, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
इस भीषण हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. मृतकों में बस मालिक और चालक के शामिल होने की बात सामने आई है. इसके अलावा करीब 20 यात्रियों के घायल होने की सूचना है. घायलों में चार की स्थिति गंभीर है जिनका इलाज जारी है.
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही केल्हारी थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के साथ घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है.
