May 13, 2026

CG : जनपद उपाध्यक्ष के ऑफिस के बाहर गोलीबारी, दो लोग घायल, बाइक से आए थे तीन नकाबपोश हमलावर

BSSSP

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिलान्तर्गत मस्तूरी क्षेत्र में मंगलवार शाम सनसनीखेज गोलीकांड की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के निजी ऑफिस के सामने फायरिंग कर दी। इस हमले में नितेश सिंह के पास बैठे दो लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। फिलहाल दोनों घायलों को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 3 नकाबपोश हमलावर बाइक पर सवार होकर मस्तूरी क्षेत्र के नहर पार इलाके में मौजुद नितेश सिंह के निजी ऑफिस के सामने पहुंचे और अचानक दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नितेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोली सीधे नितेश सिंह की ओर चलाई गई, लेकिन वह बच गए। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मस्तूरी और तोरवा थाने की टीम मौके पर पहुंची।

एसएसपी रजनेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए पूरे तोरवा-मस्तूरी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। सभी थानेदारों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। फॉरेंसिक टीम और साइबर यूनिट को भी जांच में लगाया गया है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग का कारण पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या व्यक्तिगत दुश्मनी तो नहीं है। एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

गौरतलब है कि इस घटना के बाद से मस्तूरी इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है। वहीं घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। समर्थक अस्पताल और थाने दोनों जगह बड़ी संख्या में जुट गए हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल दोनों घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

ख़बरों पर अपडेट रहने के लिए फेसबुक पर फॉलो करें

https://www.facebook.com/janrapatcg

error: Content is protected !!