October 21, 2026

कोरोना से जंग : जैन समाज की नेक पहल, सामाजिक भवन को बनाया कोविड सेंटर

jain

जगदलपुर।  कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विभिन्न समाज के प्रमुखों ने अपने-अपने सामाजिक भवनों को कोविड सेंटर में तब्दील करने की पहल शुरू कर दी है. इसके लिए जैन समाज भी आगे आया है. शहर के ओसवाल भवन में 42 बिस्तर होम आइसोलेशन की सुविधा समाज प्रमुखों ने मुहैया कराई है. इसके जरिए कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज हो सकेगा. समाज प्रमुखों ने आने वाले दिनों में सुविधा को और बढ़ाने की बात कही है. 


दरअसल जिला प्रशासन ने शहर में बढ़ते कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए जगदलपुर शहर के विभिन्न समाजों के प्रमुखों से अपने सामाजिक भवनों को कोविड सेंटर बनाए जाने की मांग रखी थी. जिसके बाद जैन समाज ने सबसे पहले आगे आकर अपने भवन को 42 बिस्तर वाला कोविड सेंटर बनाया है. जैन समाज के प्रमुख अनिल लुक्कड़ ने बताया कि फिलहाल अभी इस भवन में 42 बिस्तर की सुविधा है.

कोरोना मरीजों के लिए समाज की तरफ से वॉलेंटियर भी तैनात किए जा रहे हैं. जो मरीजों का ख्याल रखेंगे. हालांकि शासन के निर्देश अनुसार ही कोविड मरीजों के इलाज के लिए नर्स और अन्य स्टाफ तैनात किए जाएंगे. वहीं मरीजों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े इसके लिए भवन में सारी व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है.

अनिल लुक्कड़ ने बताया कि इस सामाजिक भवन में समाज के लोगों को प्राथमिकता देने के साथ अन्य समाज के लोगों को भी सारी सुविधा दी जाएगी.फिलहाल इन सेंटरों में भोजन को लेकर शासन से बात चल रही है. जिसके बाद कोविड मरीजों को भोजन भी मुहैय्या कराया जाएगा. अनिल लुक्कड़ ने कहा है कि आने वाले दिनों में भवन में बिस्तरों की संख्या को बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. ताकि ज्यादा से ज्यादा कोविड मरीजों को इलाज मिल सके. 

मुख्य खबरे

error: Content is protected !!