सभी विभागों में हो रहा भ्रष्टाचार, नक्सलवाद खत्म हो चुका है तो बस्तर से सुरक्षा बलों को हटाएं : भूपेश बघेल
बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में साड़ी घोटाला, नक्सलवाद, धर्मांतरण कानून सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, यहां कौन सा ऐसा विभाग है, जिसमें भ्रष्टाचार नहीं होता है। पूरा विषय जांच का है पर मामले पर जांच कभी नहीं होगी। जो व्यक्ति जांच की मांग करता है, सवाल करता है उस पर केस हो जाता है। PWD, जल संसाधन, कृषि विभाग सभी में भ्रष्टाचार जारी है। PWD में वर्क ऑर्डर पहले और टेंडर बाद में होता है।
बघेल ने कहा, कृषि विभाग अफीम गांजे की खेती को बढ़ावा दे रहा है। अब सरकारी विभागों की प्राथमिकताएं बदल गई है। वर्तमान समय में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं। नक्सलवाद के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, यदि सरकार दावा करती है कि नक्सलवाद समाप्त हो चुका है तो वहां से सुरक्षा बलों को हटा लेना चाहिए और भाजपा नेताओं की सुरक्षा भी समाप्त कर देनी चाहिए।
नोटिस के बाद भी राज्यपाल कर रहे दस्तखत
छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य संशोधित अधिनियम पर भूपेश बघेल ने कहा, ये कानून धर्म के आड़ में राजनीति करने वाले लोगों के सुधार के लिए है। छत्तीसगढ़ में जबरिया धर्मांतरण करने वालों के खिलाफ हमने कार्रवाई की थी। हमारे शासनकाल में कुल 15 शिकायतें हुईं थीं, जिसमें से 8 गलत पाए गए थे। 7 मामले सही पाए गए थे, जिसमें कार्रवाई हुई। अभी संशोधित कर केवल सजा बढ़ाया गया है, इससे ज्यादा कुछ नहीं किया है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में अभी भी लंबित है। राज्य सरकार को नोटिस मिला हुआ है, उसके बाद भी राज्यपाल दस्तखत कर रहे हैं।
असम में बदलने वाली है राजनीतिक परिस्थितियां : बघेल
भूपेश बघेल ने कहा, पिछड़ा वर्ग के लिए 27 परसेंट का आरक्षण हमने भी किया था, वह आज भी राजभवन में है। यूनिवर्सिटी बिल राजभवन में है। राज्यपाल उस पर दस्तक क्यों नहीं कर रहे हैं। आगे पांच राज्यों के चुनाव पर बघेल ने कहा, कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है और बेहतर प्रदर्शन करेगी। असम को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां राजनीतिक परिस्थितियां बदलने वाली है।
