March 5, 2026

मुख्यमंत्री निवास में रंग और उल्लास के साथ मनी होली : CM विष्णु देव साय ने अधिकारियों कर्मचारियों को गुलाल लगाकर दी शुभकामनाएं

cm house

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पूरे उत्साह और उमंग के साथ होली का पर्व मनाया। पारंपरिक फाग गीतों और हर्षोल्लास के माहौल में आयोजित होली मिलन समारोह रंग और उल्लास से सराबोर रहा। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

होली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आत्मीय मुलाकात की। अधिकारियों कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को गुलाल लगाकर उन्हें होली की बधाई दी। वहीं मुख्यमंत्री साय ने भी सभी को गुलाल लगाकर रंगों के इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, विश्वास तथा भाईचारे का संदेश दिया।

होली प्रेम और सद्भाव का पर्व
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मकता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि होली जैसे पर्व लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। ऐसे त्योहार हमें आपसी मतभेदों को भुलाकर मिलजुल कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

आत्मीय मुलाकात से मिली खुशी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह में सभी से आत्मीय भेंट कर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, साथियों और प्रदेशवासियों के साथ स्नेह, विश्वास और अपनत्व के रंग साझा करना इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और खुशहाली के नए आयाम स्थापित करता रहे, यही उनकी कामना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार और रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला सहित मुख्यमंत्री सचिवालय और निवास कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्य खबरे

error: Content is protected !!