March 1, 2026

‘किसानों से किया वादा पूरा’, खाते में ट्रांसफर हुए 10 हजार 324 करोड़ रुपये, सीएम ने कहा- होली अच्छे से मनाना

cm bsp

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों से किया वादा पूरा कर दिया है। बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखण्ड के रहंगी में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह में किसानों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए। इस साल धान बेचने वाले प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। इनमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसान शामिल हैं। जिनके खातों में 494.38 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की गई।

विकासकार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के विकास को नई गति देते हुए 15.99 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 7 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपये की लागत के 82 विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

किसानों से कहा- होली अच्छे से मनाना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों ने धान बेचा है और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से आज 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान भाई होली का त्योहार अच्छे से मनाएं, इसलिए होली के पूर्व यह राशि प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों की चिंता करते हुए उनके लिए प्रगतिशील योजनाएं लाई गई हैं। इस बार किसानों को बारदाने की कोई समस्या नहीं हुई और किसानों के खातों में राशि भी समय पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर किसानों को ऋण लेने की सुविधा प्रदान की है और आज लाखों किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को धान की सर्वाधिक कीमत देने की व्यवस्था की गई है।

कहा- किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार
भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी राशि अंतरित की जा रही है। खाद में सब्सिडी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सहित किसानों की समृद्धि के लिए हर स्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा सहकारिता को लाभकारी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को 6000 रुपये सम्मान निधि की राशि प्रदान की जा रही है। इस वर्ष के बजट में कृषि के लिए 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

कृषि मंत्री बोले- आज का दिन ऐतिहासिक
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि उन्नति योजना का लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री जी किसानों के बीच आए हैं, यह बहुत ही ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज 10 हजार 300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की है। हर साल किसानों के खातों में धान की राशि अंतरित की जा रही है। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि धान से अधिक लाभ दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन में है और किसानों को फसल विविधीकरण अपनाना चाहिए।

मुख्य खबरे

error: Content is protected !!