October 24, 2026

सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत, पिकअप ने मारी थी टक्कर

rjn-acci

राजनांदगांव।  लालबाग थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम घोरदा के पास आज दोपहर को भीषण एक्सीडेंट हो गया, जिसमें बाइक सवार मां बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि देखने वालों के होश उड़ गए. 

जानकारी के मुताबिक, डोंगरगांव से निकले रंगारी परिवार के विमल रंगारी और उसकी मां ताराबाई रंगारी अपनी बाइक पर राजनांदगांव आ रहे थे. तभी अचानक चौकी की ओर जा रही पिकअप ने रॉन्ग साइड जाकर बाइक सवार को तेजी से टक्कर मार दी. तेज टक्कर होने की वजह से बाइक चलाने वाला विमल रंगारी लगभग 3 से 4 फीट हवा में उछल गया और जमीन पर गिर गया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. बाइक पर बेटे के पीछे बैठी मां ताराबाई को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनंदगांव लाया गया, लेकिन अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, जिस पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी है, वह छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल की बताई जा रही है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिससे उसे पता ही नहीं चला कि उसने किसे टक्कर मार दी है. जैसे ही बाइक को टक्कर मारी, ड्राइवर की नींद खुल गई, जिसके बाद उसने पीछे से आ रहे वाहन चालक से पूछा कि क्या हुआ था. दूसरे गाड़ी वाले ने पिकअप के ड्राइवर को घटना के बारे में बताया, जिससे उसके होश उड़ गए. वहां मौजूद लोगों ने यह भी बताया कि बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आते-आते बच गया.

इस मामले में सीएसपी मणिशंकर चंद्रा का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मां-बेटे की मौत हुई है. मामले में आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. 

मुख्य खबरे

error: Content is protected !!